कलक्ट्रेट परिसर के निकट स्मार्ट मीटर के विरोध में धरना – प्रदर्शन
पानी और बिजली के बिलो में भारी बढ़ोतरी का विरोध

पौड़ी। दिनांक 10 नवम्बर, 2025
नागरिक मंच पौड़ी के बैनर तले पानी की बढ़ी हुई दरों, बिजली के स्मार्ट मीटर, बिजली महंगाई और निजीकरण को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन के क्रम में बिजली/पानी उपभोक्ताओं एवं विभिन्न जन संगठनों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में धरना कार्यक्रम आयोजित हुआ।
धरना स्थल पर बैनर तख्तियां लगाकर समस्याओं और मांगों के प्रति आम जनमानस को अवगत कराया गया तथा आंदोलन को व्यापक करने के लिए सहयोग की अपील की गई। धरनास्थल पर वक्ताओं द्वारा बिजली के निजीकरण, पानी/बिजली के अनापशनाप बढती कीमतों और स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं से और सार्वजनिक धन की लूट के खिलाफ गंभीर चिंता व्यक्त की गई। लगातार घट रहे रोजगार के अवसर और शिक्षा/चिकित्सा व्यवस्था की बदहाली को लेकर सरकार के उपेक्षा पूर्ण व्यवहार को लेकर भी गंभीर रोष प्रकट करते हुए जोरदार नारेबाजी की गई। 
प्रदर्शनकारियों द्वारा चुटकी लेते हुए स्वयं को प्रधानमंत्री घाम तापो योजना का लाभार्थी बताया गया। धरना स्थल पर निर्णय लिया गया कि कल से शहर में जगह जगह जनजागृति और समर्थन के लिए अभियान किया जाएगा तथा धरने को साप्ताहिक रखते हुए आगामी सोमवार दिनांक 17 नवंबर को पुनः धरना आयोजित किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन में नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति, प्रादेशिक शिल्पकार कल्याण समिति, उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट व अन्य संगठनों ने प्रतिभाग किया ।



