गुलदार के हमले में एक 60 वर्षीय महिला की मौत
चवथ (गजल्ड) की घटना के दूसरे दिन सिरोबड़ी में महिला आदमखोर की शिकार
गढ़वाल में नरभक्षी के बढ़ते हमलों से लोगों में भारी आक्रोश
पौड़ी। दिनांक 06 दिसम्बर
पहाड़ में खासकर गढ़वाल में आदमबोर गुलदार का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पौड़ी के निकट चवथ (गजल्ड) की घटना के बाद अब गुलदार ने जयहरीखाल ब्लाक के सिरोबड़ी (सैंधीखाल) के नजदीक डालूंगाज में एक महिला को अपना शिकार बनाया है।
घटना कल सांय पांच बजे की बतायी जा रही है। जानकारी है कि उक्त गाँव में राजा की साठ वर्षीय धर्मपत्नी उर्मिला देवी पर आदमखोर गुलदार ने आंगन मे ही हमला किया । गुलदार उसे घसीटकर कर ले गया । जब तक लोग उसे बचाने का प्रयास करते गुलदार ने उस की गर्दन पर हमला कर उसे मार डाला ।
बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम कल देर सांय ही घटना स्थल पर पहुँच गयी थी। लैंसडाउन के विधायक मंहत दलीप रावत की भी घटनास्थल पर कल देर सांय पहुंचने की सूचना है। प्रशासन के अधिकारी भी सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंचे हैं।
इस घटना से जयहरीखाल ब्लाक के इस इलाके में भारी दहशत है। लोगों में भारी आक्रोश है। गढ़वाल में प्रायः प्रतिदिन हो रही इन घटनाओं से लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रशासन प्रयास कर रहा है लेकिन सरकार की तरफ से इस तरह की घटनाओ को रोकने हेतु आपेक्षित कार्रवाई का लोगों को इन्तजार बना है। लोग इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिये सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।



