निःशुल्क कोचिंग सेन्टर में प्रवेश हेतु 75 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी
प्रदेश में शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रहा है ईसा फाउन्डेशन

पौड़ी। 21 दिसम्बर, 2025
प्रदेश में शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रहे ईसा (ISSA) फाउन्डेशन की यहाँ पौड़ी स्थित कम्प्यूटर शिक्षा एवं कोचिंग सेन्टर में प्रवेश परीक्षा के लिये आयोजित परीक्षा में 75 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया । प्रवेश परीक्षा शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
प्रवेश परीक्षा यहाँ डी० ए० वी० इन्टर कॉलेज पौड़ी में आयोजित की गयी। ईसा कम्प्यूटर शिक्षा एवं कोचिंग सेन्टर के प्रभारी बी० सी० एस० नेगी ने बताया कि प्रवेश परीक्षा कम्प्यूटर प्रशिक्षण, जनरल इंग्लिश व इंग्लिश स्पीकिंग के साथ ही ग्रुप सी व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिये यह प्रवेश परीक्षा आयोजित की गयी थी। इनमें 42 अभ्यर्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रवेश हेतु,11 अभ्यर्थियों ने आर्मी की प्रतियोगी परीक्षा हेतु व अन्य अभ्यर्थियों ने कम्प्यूटर व अंग्रेजी दक्षता हेतु प्रवेश परीक्षा में प्रतिभाग किया । उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा का परिणाम 24 दिसम्बर को जारी किया जायेगा तथा 31 दिसम्बर तक सफल सभी अभ्यर्थियों को कोचिंग सेन्टर में दाखिला दे दिया जायेगा। 
ईसा फाउंडेशन के निदेशक (शिक्षा) उत्तराखण्ड भूपेन्द्र सिंह नेगी ने इस प्रवेश परीक्षा सफलता पर सन्तोष व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि पौड़ी स्थित कोचिंग सेन्टर में 200 से अधिक छात्र छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं व कम्प्यूटर व अंग्रेजी में दक्षता हेतु दाखिला दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भविष्य मै इस केंद्र को अपग्रेड किया जायेगा और यहाँ अन्य परीक्षाओं की तैयारियों की व्यवस्था भी की जायेगी। उन्होंने बताया कि यह कोचिंग सेन्टर मुख्यतः आर्थिक रूप से कमजोर छात्र – छात्राओं को कौशल व रोजगार की दिशा में उन्हें आगे बढ़ाने हेतु प्रयासरत है।
उल्लेखनीय है कि गत अक्टूबर में प्रारम्भ हुए ईसा कम्प्यूटर शिक्षा एवं कोचिंग सेंटर में अब तक सौ से अधिक छात्र प्रतिदिन अंग्रेजी, कम्प्यूटर दक्षता और प्रतियोगी परीक्षाओं की नियमित कक्षाओं में भाग ले रहे हैं। अनुभवी शिक्षकों द्वारा ग्रुप C, UKSSSC, बैंक, आर्मी, रेलवे और अन्य परीक्षाओं की तैयारी के लिए श्रेष्ठ वातावरण उपलब्ध कराया गया है।
यहाँ उच्च गुणवत्ता की कम्प्यूटर लैब, डिजिटल शिक्षण, सुसज्जित क्लासरूम, पुस्तकालय और करियर काउंसलिंग जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। साथ ही सरकारी और निजी क्षेत्रों में निकलने वाले रोजगार की जानकारी भी समय-समय पर छात्रों को दी जाती है। गौरतलब है कि ईसा फ़ाउन्डेशन द्वारा गढ़वाल में अब तक 11 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों को गोद लिया है जहाँ फ़ाउन्डेशन द्वारा सभी इनफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया जायेगा।
यह भी उल्लेखनीय है कि पौड़ी नगर में ऐसी सुविधा की कमी वर्षों से महसूस की जा रही थी। इस कमी को पूरा किया है नगर के प्रतिष्ठित उद्योगपति और प्रसिद्ध समाजसेवी श्री इंद्रजीत सिंह नेगी जी ने। उन्होंने यहाँ पौड़ी नगर में कमजोर वर्ग के युवाओं को आगे बढ़ने का एक वास्तविक और सुनहरा अवसर प्रदान किया है। श्री नेगी पौड़ी के नजदीक खातस्यूँ पट्टी के उरेगी गाँव के मूल निवासी हैं और उन्होंने माध्यमिक तक अपनी शिक्षा यहीं पौड़ी नगर में प्राप्त की है। ईसा फाउण्डेशन शिक्षा के अतिरिक्त स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी काम कर रहा है और शीघ्र ही पौड़ी नगर में नागरिकों के लिये एक बेहतर सुविधाओं वाला अस्पताल भी संचालित होने वाला है।



