शिक्षा

उत्तराखण्ड बोर्ड परीक्षा में इस शिक्षा सत्र में 2.16 लाख परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

प्रदेश में 21 फरवरी से शुरू होंगी उत्तराखण्ड बोर्ड की परिषदीय परीक्षाएं

रामनगर। 31 जनवरी, 2026

उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद की वार्षिक परिषदीय परीक्षा में इस बार 2.16 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षाएं इस बार 21 फरवरी से शुरू होंगी।

उत्तराखण्ड विद्यालयी परिषद द्वारा वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च तक एकल पाली में आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं के शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संचालन को लेकर आज रामनगर में परिषद सभागार में सभापति/निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई।

शनिवार को बोर्ड सभागार में कुमाऊं व गढ़वाल मंडल के अपर निदेशक, मुख्य शिक्षा अधिकारियों, संकलन केंद्रों के मुख्य नियंत्रकों (प्रधानाचार्य) की बैठक को माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल कुमार सती ने वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने नकल विहीन परीक्षा पर जोर देते हुए अपने दायित्वों का प्रति सजग रहने को कहा। इसके बाद बोर्ड के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने अधिकारियों से कहा कि मंडल, ब्लाक स्तर पर आंतरिक सचल दल गठित करने को कहा।

इस वर्ष हाईस्कूल में कुल 1,12,660 तथा इंटरमीडिएट में 1,03,449 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल परीक्षार्थियों की संख्या 2,16,109 है।

प्रदेशभर में 1261 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 156 संवेदनशील तथा 6 अति संवेदनशील केन्द्र चिन्हित किए गए हैं। परीक्षा सामग्री के प्रबंधन हेतु 13 मुख्य संकलन केन्द्र और 26 उप संकलन केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

परिषद सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद में परीक्षाएं पूरी सतर्कता, गोपनीयता और नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराई जाएं। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में अपर सचिव बीएमएस रावत, उप सचिव सुषमा गौरव, प्रभारी वित्त अधिकारी दिनेश चन्द्र जोशी, शोध अधिकारी शैलेन्द्र जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button