जिलाधिकारी ने दिया कठूली गाँव की मांगों पर कार्रवाई का भरोसा
विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त विकास समिति कठूली ने जिलाधिकारी को दिये छः ज्ञापन

दिनांक 22 जून, 2026
पौड़ी। संयुक्त विकास समिति, कठूली (खिर्सू) ने आज यहाँ जिलाधिकारी के जनता मिलन कार्यक्रम में कठूली गाँव से सम्बन्धित 6 विभिन्न मांगों / समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके निस्तारण का अनरोध किया। जिलाधिकारी स्वाति एसo भदौरिया ने सम्बधित अधिकारियों को इन सभी मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिये।
संयुक्त विकास समिति, कठूली के एक प्रतिनिधिमण्डल ने आज यहाँ जनता दरवार में जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें 6 अलग अलग प्रकरणों से सम्बधित ज्ञापन दिये। इन ज्ञापनों में सिंगोरी – फैड़खाल मोटर मार्ग का निर्माण यथाशीघ्र किये जाने, पीएमजीएसवाई के तहत बनी चौबट्टाखाल हुलाकीखाल – कठूली मोटर मार्ग पर कॉजवे बनाये जाने व कतिपय स्थानों पर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत किये जाने, सिलणगाँव से सिंगोरी तक तीन किमी० प्रस्तावित सड़क का शीघ्र निर्माण किये जाने, थापलाधार से सिंगोरी तक दशकों पुरानी सड़क का सुधारीकरण, सुदृड़ीकरण एवं डामरीकरण किये जाने तथा इसी सड़क पर कोटगदिना गधेरे पर कॉजवे बताये जाने की मांग की गयी।
जिलाधिकारी को दिये अन्य ज्ञापनों में स्वास्थ्य उपकेंद्र सिंगोरी (कठूली) के भवन का पुनर्निर्माण मरम्मत किये जाने तथा डेढ दशक से बनी पटवारी चौकी का जीर्णेद्द्धार होने पर चौकी में पटवारी के सप्ताह में कुछ दिन नियमित बैठने की मांग की गयी।
जिलाधिकारी स्वाति एस० भदौरिया के सामने प्रतिनिधि मण्डल ने सिंगोरी – फैड़खाल मोटरमार्ग निर्माण का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्हें अवगत कराया गया कि विगत तीन दशक से भी अधिक समय से कठूली के ग्रामीणों को पौड़ी आने के लिये तकरीब 13 किमी० अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे उनका धन और समय अनावश्यक व्यय हो रहा है। इसी तरह सिलणगाँव से सिंगोरी तीन किमी ० मार्ग पर दो बार सर्वे होने की बात पर वहाँ उपस्थित अधिशासी अभियन्ता ने कहा कि पीएमजीएसवाई के मानकों तहत केवल डेढ़ किमी॰ सड़क आ रही है इसलिए इस योजना के तहत यह सड़क नहीं बन रही है।
प्रतिनिधिमण्डल द्वारा उठाये गये सभी मामलों में जिलाधिकारी के साथ सकारात्मक वार्ता हुई। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को इन पर कार्रवाई के निर्देश भी दिये।
संयुक्त विकास समिति के इस प्रतिनिधिमण्डल में जिला पंचायत सदस्य व समिति के अध्यक्ष चन्द्रभानु बिष्ट, समिति के संयोजक व वरिष्ठ पत्रकार बिमल नेगी, महासचिव सोबन सिंह रावत, आनन्द सिंह नेगी, सुंधाशु नेगी, सतेन्द्र नेगी, पूर्व प्रधान कठूड़ मेहरबान सिंह आदि शामिल थे। इस सम्बन्ध में मा० विधायक पौड़ी श्री राजकुमार पोरी (जो कठूली गाँव के मूल निवासी हैं) से भी डी० एम० से इन्हीं मुद्दों पर मुलाकात हेतु पहुंचने का अनरोध किया गया था लेकिन व्यस्तता के कारण उन्हें समय नहीं मिल पाया। उम्मीद है विधायक श्री पोरी इन मुद्दों पर स्वयं भी जिलाधिकारी से चर्चा करेंगे।



