अब उत्तरकाशी और चमोली में भी खुलेंगे ईसा फाउण्डेशन के अस्पताल
ईसा फाउडेशन पौड़ी के दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विसत्तार करेगा

पौड़ी में ईसा फाउण्डेशन खोलेगा एक विश्व स्तरीय सीनियर सेकेण्डरी स्कूल
दिनांक 08 जुलाई, 2026
पौड़ी। ईसा फाउण्डेशन उत्तरकाशी व चमोली जनपद में अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करेगा। पौड़ी में उत्तराकेयर अस्पताल की स्थापना के बाद इन दोनों जनपदों में भी अस्पताल खुलेंगे। इसके साथ ही पौड़ी जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जायेगा।
यह बात ईसा फाउन्डेशन के संस्थापक इन्द्रजीत सिंह नेगी ने यहाँ स्थानीय एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कही है। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी जनपद के डुण्डा में अस्पताल के लिये जमीन खरीद ली गयी है और अस्पताल स्थापना के प्रयास गतिमान हैं जबकि चमोली जनपद में इसके लिये भूमि की तलाश जारी है।
उन्होंने कहा कि ईसा फाउन्डेशन उत्तराखण्ड के पर्वतीय समाज में बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराये जाने हेतु प्रयासरत है। इन सेवाओं को धरातल पर उतारने की एक शुरुआती पहल हमने अपने गृह जनपद पौड़ी से की है। उहोंने बताया कि अहमदाबाद में कुछ मित्रों के साथ जब हमने गरीब बच्चों की शिक्षा हेतु कार्य प्रारम्भ किया तो उसके बेहतरीन परिणाम सामने आये, इसी से प्रेरित होकर मुझे लगा कि हमें अपनी मातृभूमि में भी इस तरह के प्रयास करने चाहिए।
श्री नेगी ने कहा कि फाउन्डेशन स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में न केवल संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में इसके लिये जन जागरुकता अभियान भी चल रहा है। यहाँ मुख्यालय स्थित उत्तराकेयर अस्पताल के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में इस जागरुकता अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। पौड़ी के नजदीकी ब्लाकों के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन स्वास्थ्य शिविरों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तचाप, शुगर, एनीमिया और कैंसर जैसी बीमारियों के प्रति आम जनमानस में जागरुकता की कमी बनी है जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में इन बीमारियो से ग्रसित लोगों की बड़ी संख्या है। इन बीमारियों के प्रति जागरुक होकर सचेत रहने पर समय रहते इनका इलाज किया जा सकता है। हमारी कोशिश है कि हम ऐसे रोगियों की पहचान कर समय पर उन्हें चिकित्सा मुहैया करायें। इसीलिये ईसा फाउण्डेशन ग्रमीण क्षेत्रों में ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में उत्तराकेयर हॉस्पिटल में प्रत्येक शनिवार को अलग – अलग विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इससे ऐसे तमाम मरीजों का पौड़ी में ही वे चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं जो उन्हें देहरादून जाकर अधिक धन और समय बर्बाद कर मिल सकती थी। इसके अतिरिक्त उत्तराकेयर अस्पताल द्वारा यहाँ श्रीनगर रोड़ पर आईपीडी में ऑपरेशन प्रकिया शुरू कर दी गयी है।
उन्होंने जानकारी दी कि फाउण्डेशन द्वारा पौड़ी मुख्यालय में निकट भविष्य में इसी उत्तराकेयर अस्पताल हेतु 100 बेड का एक सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल भवन के निर्माण की योजना है। इसके लिये पर्याप्त भूमि की खरीद भी कर दी गयी है। जल्दी ही इसका निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि पहाड़ में लोगों को स्वास्थ्य और शिक्षा की बेहतर सुविधाएं प्राप्त होनी चाहिए। इन सुविधाओं के अभाव में यहाँ के ग्रामीण क्षेत्र के लोग पलायन के लिये अभिशप्त है। स्वास्थ्य के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवतापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना ईसा फाउन्डेशन का उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कक्षा 9 के 500 से अधिक छात्र – छात्राओं को टैब आवंटित किये गये हैं। इनके जरिये उनका ऑन लाइन शिक्षण कार्य चल रहा है। टैब लेने वाले अधिकांश छात्र – छात्राएं ग्रामीण क्षेत्रों से हैं और उन्हें दूरस्थ क्षेत्रों में भी गुणवतापूर्ण शिक्षण सामाग्री प्राप्त हो रही है। इन सभी छात्र छात्राओं का ऑन लाइन शिक्षण कार्य ईसा फाउन्डेशन इन्टरमीडिएट स्तर तक जारी रखेगा। इसके साथ ही कक्षा 9 में प्रति वर्ष नये छात्र छात्राओं को टैब देकर उन्हें ऑन लाइन शिक्षण से जोड़ा जायेगा।
श्री नेगी ने बताया कि संस्था द्वारा वर्ष 2024 – 25 से प्रदेश में परिषदीय परीक्षाओं के टॉपर छात्र – छात्राओं को पुरस्कृत किया जा रहा है। सत्र 2025 -26 में हल्द्वानी और देहरादून में ऐसे टॉपर छात्र – छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। ब्लाक से लेकर मंडल और प्रदेश स्तर पर परिषदीय परीक्षाओं में टॉप आने वाले छात्र – छात्राओं को संस्था द्वारा भविष्य में भी पुरस्कृत किया जाता रहेगा।
उन्होंने कहा कि ईसा फाउन्डेशन द्वारा प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार व संसाधन पूर्ण विद्यालयों के संचालन हेतु 11 सरकारी विद्यालयों को गोद लिया गया है। इन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर कर संस्था द्वारा अपने संसाधनों से शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है तथा इन विद्यालयों को अन्य संसाधन भी उपलब्ध कराये जा रहे हैं। पौड़ी जनपद में ऐसे तीन विद्यालय जीआईसी पौड़ी, जीआईसी थलीसैंण और जीजीआईसी घमण्डपुर कोटद्वार शामिल हैं।
उन्होंने यह जानकारी भी दी कि ईसा फाउण्डेशन हारा पौड़ी मुख्यालय में एक कम्प्यूटर शिक्षा एवं कोचिंग सेंटर की स्थापना की गयी है। एमआईसी रोड़ स्थित इस कोचिंग संस्थान में वर्तमान में 200 से अधिक छात्र – छात्राएं अध्ययरत हैं। कम्प्यूटर स्किल डेवलपमेंट, इंग्लिश स्पीकिंग एवं जनरल इंग्लिश तथा ग्रुप सी की तमाम परीक्षाओं की तैयारी इस कोचिंग संस्थान में निःशुल्क करायी जा रही है। इस संस्थान में अधिकतर छात्र – छात्राएं ग्रामीण क्षेत्रों से आकर यहाँ पर कोचिंग प्राप्त कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र के कतिपय छात्र – छात्राओं को परिवहन सुविधा भी संस्था द्वारा उपलब्ध करायी जा रही है।
उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा निकट भविष्य में पौड़ी में एक वैश्विक स्तरीय प्राइमरी से लेकर सीनियर सेकेंडरी तक का भव्य विद्यालय खोलने पर विचार किया गया है। इसके लिये जमीन की तलाश जारी है। शीघ्र ही इस पर कार्रवाई होने की उम्मीद है। प्रेस वार्ता में उनके साथ ईसा कम्प्यूटर शिक्षा एवं कोचिंग क्लासेज के प्रभारी बिमल नेगी, उत्तराकेयर अस्पताल के सीनियर प्रबन्धक कमल काला, प्रबंधक मनोज गोयल, चिकित्सा अधीक्षक डॉo जे० पी० चमोली व सहयोगी गिरीश रावत भी उपस्थित थे।



