उत्तराखंड

कण्डोलिया महोत्सव अब राजकीय महोत्सव होगा

मुख्यमंत्री ने ₹110.55 करोड़ की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 14 योजनाओं का शिलान्यास एवं 5 योजनाओं का लोकार्पण किया

मुख्यमंत्री धामी ने किया जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण।

कण्डोलिया मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री, कंडोलिया बाबा का आशीर्वाद लेकर महोत्सव का किया शुभारंभ।

पौड़ी। 15 जून, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के भ्रमण के दौरान जनपद मुख्यालय स्थित श्रीनगर रोड पर जिला प्रशासन द्वारा विकसित आधुनिक विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया तथा रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को ₹110.55 करोड़ की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 14 योजनाओं का शिलान्यास एवं 5 योजनाओं का लोकार्पण किया। 

जनपद मुख्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री का गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीनगर रोड स्थित जिला विज्ञान संग्रहालय पहुंचे, जहां उन्होंने संग्रहालय का विधिवत लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में विकसित की गयी विज्ञान आधारित गतिविधियों और प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में स्थापित महान वैज्ञानिकों के जीवन एवं योगदान से संबंधित प्रदर्शनों का अवलोकन किया तथा विज्ञान शिक्षा को जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित की गई विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संग्रहालय परिसर में विकसित की गई शिक्षण आधारित अवधारणाओं, आकर्षक साइनेज, जागरूकता संदेशों तथा सौंदर्यीकरण कार्यों का भी अवलोकन किया।       

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला विज्ञान संग्रहालय केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के लिए एक आधुनिक विज्ञान शिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां बच्चे विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संग्रहालय जनपद के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, जिज्ञासा और नवाचार का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा तथा वैज्ञानिक चेतना के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

जिलाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि जिला विज्ञान संग्रहालय का विकास जिला योजना के अंतर्गत “बिल्डिंग एज लर्निंग एड” की अवधारणा पर किया गया है। पूर्व में यह भवन अनुपयोगी स्थिति में था, जिसे जिला प्रशासन द्वारा पुनर्विकसित कर विज्ञान, नवाचार और शिक्षण का आकर्षक केंद्र बनाया गया है। भवन की दीवारों, गलियारों एवं विभिन्न स्थलों को शिक्षण सामग्री के रूप में विकसित करते हुए विज्ञान संबंधी अवधारणाओं, प्रेरणादायक संदेशों और ज्ञानवर्धक प्रदर्शनों से सजाया गया है, जिससे यह भवन स्वयं एक जीवंत शिक्षण माध्यम के रूप में कार्य कर रहा है।

जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री कंडोलिया मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। 

मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान पहुंचकर जय कंडोलिया पौड़ी महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम स्थल पर राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी नगर, बी आर मॉडर्न स्कूल पौड़ी, हिल्स इंटरनेशनल स्कूल पौड़ी के बच्चों ने मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सलामी दी। इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया।

 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पौड़ी आकर उन्हें सदैव शांति, आत्मीयता और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से पौड़ी में नवस्थापित विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण करने का आह्वान किया ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जनपद के विकास में एक नया अध्याय जुड़ा है। इस अवसर पर लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से 19 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करेंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को पहाड़ के अंतिम छोर तक पहुंचाना है और इसी सोच के साथ हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार तथा होमस्टे योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले चार वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि अब भर्ती प्रक्रिया में “न कोई पर्ची, न कोई खर्ची” का सिद्धांत प्रभावी रूप से लागू किया गया है।           

उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून तथा सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राजनीति और कुर्सी युवाओं के भविष्य तथा देवभूमि की अस्मिता से बड़ी नहीं हो सकती और राज्य सरकार सुशासन, विकास तथा जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी-श्रीनगर मार्ग चौड़ीकरण, झील निर्माण, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक तथा खेल अवस्थापना से जुड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी और रोजगार व पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ाएंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कंडोलिया महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किया जाएगा। 

शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में सिंगटाली में गंगा नदी पर सेतु निर्माण, कोटा-देवप्रयाग से व्यासघाट मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण, व्यासघाट से ग्राम सिल्सू मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण, गोदी-बजूण मोटर मार्ग का सुधारीकरण, पौड़ी स्थित पुरानी जेल भवन का रेनोवेशन कार्य, अपर बाजार एवं माल रोड पौड़ी सौंदर्यीकरण कार्य तथा विभिन्न क्षेत्रों में मोटर मार्ग निर्माण कार्य, बाढ़ सुरक्षा एवं सिंचाई नहरों के पुनरोद्धार से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं लोकार्पित योजनाओं में जाखणीखाल-ठंठोली-रणेथ मोटर मार्ग का डामरीकरण, श्रीकोट गंगानाली स्थित 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, स्पोर्ट्स स्टेडियम श्रीकोट गंगानाली में फुटबॉल ग्राउंड एवं एथलेटिक ट्रैक, कंडोलिया इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट का उन्नयन तथा श्रीनगर रोड स्थित आधुनिक विज्ञान संग्रहालय की स्थापना कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से सड़क संपर्क, पर्यटन, खेल, शिक्षा, सिंचाई एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक सुधार होगा तथा जनपद के समग्र विकास को नयी गति मिलेगी।

कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन पौड़ी जनपद के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है, क्योंकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं यहां उपस्थित होकर जनपद को विकास की नई सौगातें दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, पेयजल तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास को नई गति मिली है। 

नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ पौड़ी की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और जनभागीदारी का उत्सव है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव स्थानीय कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। 

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, विधायक लैंसडाउन दिलीप रावत, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. राजेंद्र अण्थवाल, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष जसपाल नेगी, राजेंद्र प्रसाद टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं एवं जनसमूह उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र के निदेशक गणेश खुगशाल ‘गणी’ ने किया।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button