कांग्रेस सत्ता में आयी तो गैरसैंण राजधानी बनेगी और हर परिवार को एक रोजगार मिलेगा
यह तानाशाही और ठगी का दौर है : गोदियाल
- दिनांक : 14 जून, 2026
पौड़ी। प्रदेश में सत्ता में बदलाव पर यदि कांग्रेस सत्तासीन हुई तो दो बड़े कामों को अंजाम तक पहुंचाया जायेगा। पहला गैरसैंण राजधानी बनेगी और दूसरा पहाड़ के हर परिवार को एक रोजगार दिया जायेगा।
खिर्सू ब्लाक की सबसे बड़ी ग्रामसभा सिंगोरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने यह बात कही। उन्होंने ग्रामीण जनता के सामने उक्त संकल्प लेते हुए कहा कि नागरजा – नरसिंह की पूजा तो होगी ही अर्थात जनता के छोटे मोटे काम सब किये जायेंगे लेकिन पूरे प्रदेश के हित में सत्यनारायण की कथा जरूर पूरी की जायेगी अर्थात गैरसैंण राजधानी और हर परिवार को एक रोजगार देने की पूरी कोशिश् होगी। 
उन्होंने कहा कि आज मध्य हिमालय क्षेत्र भयंकर बेरोजगारी से पीडित है। बेरोजगार आत्महत्या कर रहे हैं और लोग पलायन। सरकार की नीतियों से बेरोजगार और पलायन बढ़ रहा है और इसका एक मात्र इलाज गैरसैंण राजधानी है। पहाड़ में राजधानी होगी तो पहाड़ के अनुरूप नीतियाँ बनेगी और ये नीतियाँ रोजगार परक होंगी।
देश व प्रदेश में पेपर लीक की चर्चा करते हुए उन्होंने चोपड़ाकोट के नजटीक एक गाँव में एक बेरोजगार द्वारा आत्महत्या का उदाहरण देते हुए कहा कि युवाओं में आक्रोश है। बेरोजगार आत्महत्या कर रहे हैं । उनमें भयंकर निराशा और हताशा व्याप्त है और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। 
गढ़वाली भाषा में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि 77 साल की उम्र में प्रधानमंत्री कहते हैं कि ‘ वू तैं दे द्या एक मौका हौर अर अग्निवीरों तैं ब्वना छन कि तुम चार साल मा बैठा घौर। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासन में अंग्रेज शासक तानाशाह थे लेकिन आज हमारे बीच के काले अंग्रेजों की तानाशाही चल रही है। उन्होंने आगे कहा कि यह भी एक दौर है और यह दौर ठगी का है लेकिन यह दौर हमेशा नहीं रहेगा। बदलाव जरूर होगा। 
उहोंने कहा कि सभी लोगों की सोच एक जैसी नहीं होती। भाजपा के पूर्वजों की तरह सभी लोगो की सोच यदि अंग्रेजों की चापलूसी करने की होती तो यह देश आज भी गुलाम होता। लेकिन उस दौर में भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, जवाहर नेहरू और महात्मा गाँधी जैस क्रांतिकारी भी रहे जिनके बदौलत हमें आजादी मिली। उन्होंने कहा कि उस समय भी तमाम स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी सत्ता के खिलाफ खड़े थे और आज वे भी इस सत्ता के खिलाफ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि वे उनकी (जनता की) आवाज को सत्ता के कानों तक पहुंचाने के लिये ही वे सत्ता के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री गोदियाल ने कहा कि जहाँ आप लोग उनके लिये पसीना बहायेंगे वे उनके लिये खून बहाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यदि एक ही करवट सोने में दिक्कत होती है तो अच्छा है कि हम करवट बदल दें। सरकार के कामकाज से जनता सन्तुष्ट नहीं तो करवट बदलना ही श्रेयस्कर है अर्थात बदलाव लाकर ही सन्तुष्टि प्राप्त करने की पहल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की गुरुतर जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए वे उनके बीच अधिक समय नहीं दे पायेंगे लेकिन वे हर समय उनकी सेवा में तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने बचपन में गरीब देखी है, अभाव व कष्ट झेले हैं इसलिये ग्रामणी जनजीवन की पीड़ा का अहसास उन्हें दिल के अन्दर तक है। और अपने लोगों की यही पीढ़ा व खैरी उन्हें जमीन से जोड़े रखती है।
जिला पंचायत सदस्य श्री चन्द्रभानु सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य श्री चैत सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य सरत सिंह, कांग्रेस के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रणवीर लाल, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष खिर्सू रूकम सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती लता देवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दिगपाल नेगी, कांग्रेस के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष गोबिन्द सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य सोहन सिंह नेगी, कठूली संयुक्त विक्रास समिति के संयोजक बिमल नेगी, पूर्व लेखाकार आनन्द सिंह नेगी, पूर्व प्रधानाध्यापक शम्भू सिंह रावत, प्रमेन्द्र नेगी (पम्मा), सुमन नेगी, आदि ने सम्बोधन के साथ ही कार्यक्रम मे सहयोग दिया। संचालन महादेव बहुगुणा ने किया। इस जनसभा में लगभग दो दर्जन महिला व युवाओं का फूल-मालाएं पहना कर कांग्रेस में शामिल होने का स्वागत किया गया। इस जनसभा के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री गोदियाल ने कटूलस्यूँ पट्टी के कई अन्य गाँवो में भी जनसभाएं व जनसम्पर्क किया।


