शिक्षा

ईसा फाउन्डेशन ने 11 मेधावी छात्र – छात्राओं को ऑन लाइन शिक्षण हेतु टैब बांटे

समाज में स्वास्थ्य और शिक्षा भविष्य निर्माण के आधार

दिनांक 5 जुलाई,2026

पौड़ी। ईसा फाउन्डेशन द्वारा यहाँ उत्तराकेयर अस्पताल में आयोजित एक समारोह में 11 छात्र – छात्राओं को टैब वितरित किये गये। कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने ईसा फाउन्डेशन द्वारा शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी समाज के लिये स्वास्थ्य के साथ ही शिक्षा भविष्य निर्माण के आधार हैं। 

समारोह में बोलते हुए ईसा फाउण्डेशन के संस्थापक इन्द्रजीत सिंह नेगी ने कहा कि शिक्षा बिना भेदभाव किये सभी के लिये एक जैसी या समावेशी है इसलिये यह सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि केवल मेहनत के बल पर ही शिक्षा में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने बताया कि ईसा फाउन्डेशन अपने समाज में जागरूकता लाने के लिये अनेक कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी बच्चों से उन्हें आवंटित टैब का बेहतरीन उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि उनके द्वारा आज की जा रही मेहनत का प्रतिफल भविष्य में उन्हें आवश्य मिलेगा ।                                                             

ईसा फाउन्डेशन के निदेशक (शिक्षा) भूपेन्द्र सिंह नेगी ने समारोह में फाउन्डेशन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की जानकारी विस्तार से रखते हुए कहा कि फाउन्डेशन द्वारा अब तक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रो में 500 से अधिक मेधावी छात्र छात्राओं को टैब बितरित किये गये हैं। इनके माध्यम से शिक्षकों द्वारा ऑन लाइन शिक्षण कार्य किया जा रहा है। हाईस्कूल स्तर पर इस ऑन लाइन शिक्षण के बेहतरीन परिणाम सामने आये हैं । उन्होंने कहा कि इससे ठेठ ग्रामीण क्षेत्रों तक मेधावी बच्चों को ऑन लाइन माध्यम से प्रभावी शिक्षण प्राप्त हो रहा है। उन्होंने सभी छात्र – छात्राओं को मेहनत के साथ टैब का उपयोग कर लाभ लेने हेतु अभिप्रेरित किया।                                                               

इस मौके पर फाउन्डेशन के जरिये विगत मार्च माह में टैब प्राप्त करने वाले तीन छात्र – छात्राओं संजना रावत, करन रावत और अनमोल नेगी ने अब तक ऑन लाइन शिक्षण के अपने अनुभव साझा किये और टैब प्राप्त करने वाले बच्चों को इनका उपयोग कैसे करें इसकी जानकारी दी। ईसा फाउंडेशन के प्रबन्धक आलोक रावत ने टैब का उपयोग करने की विस्तृत जानकारी बच्चों को दी। आज इस कार्यक्रम में जिन छात्र छात्राओं को टैब आबंटित किये गये उनमें प्रिया, वैष्णवी, किन्जल, अनुज कुमार, तानिया रावत, मनीषा, महक, प्रियंक सिंह रावत, हिमांशु बिष्ट, गौरंग भट्ट और प्रियांशु भण्डारी शामिल थे।                                 

इन सभी छात्र – छात्राओं को ईसा फाउन्डेशन के माध्यम से दानदाताओं द्वारा टैब दिये गये। इन दानदाताओं में मनोज भट्ट, दीपक घिल्डियाल, राजपाल राणा, अनिल काला, उत्तम कंडवाल, शरत, सुनील और सुधीर काला शामिल हैं। कार्यक्रम में एडवोकेट, उत्तम कण्डवाल, मनोज भट्ट, दीपक घिल्डियाल, बिमल नेगी आदि ने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन ईसा फाउंडेशन के प्रबंधक आलोक रावत ने किया। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button