ईसा फाउन्डेशन प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्र में 500 छात्र-छात्राओं को टैव वितरित करेगा
ऑन लाइन अध्ययन हेतु पौड़ी में आज 27 छात्र छात्राओं को बांटे गये टैवI पौड़ी जनपद में कक्षा 9 उत्तीर्ण 79 छात्र छात्राओं को वितरित किये जायेंगे टैव ।

पौड़ी। 28 मार्च, 2026
ईसा फाउन्डेशन द्वारा आज यहां डी० ए० वी० इन्टर कॉलेज पौड़ी में ऑन लाइन अध्ययन हेतु 27 छात्र छात्राओं को टैव वितरित किये गये। इन सभी छात्र छात्राएं का चयन मुख्यमन्त्री छात्रवृति योजना हेतु चयनित छात्र छात्राओं में से मेरिट के आधार पर किया गया था। पौडी जनपद मे ईसा फाउन्डेशन द्वारा कुल 79 छात्र – छात्राओं को ये टैव वितरित किये जायेंगे। पौडी के साथ ही बैजरो और दुगड्डा में छात्र छात्राओं को ये टैव वितरित किये जायेंगे । 
आज यहाँ डीएवी इन्टर कॉलेज में आयोजित टैव वितरण समारोह को सम्बोधित करते हुए ईसा फाउण्डेशन के टीम प्रभारी कोआर्डिनेटर श्री राजेन्द्र डंडरियाल ने कहा कि ईसा फाउन्डेशन के फाउन्डर श्री इन्द्रजीत सिंह नेगी जी पहाड़ के बच्चों के भविष्य के प्रति चिन्तित हैं इसलिये वे पहाड़ की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देना चाहते हैं। पूरे प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्र में ईसा फाउन्डेशन द्वारा 500 टैव वितरित किये जा रहे हैं। ये टैव इन सभी छात्र छात्राओं को ऑन लाइन शिक्षा को सुगम बनायेंगे। उन्होंने बताया कि ईसा फाउण्डेशन ने गढ़वाल मण्डल के पाँच ब्लाकों में अभी 11 इन्टर कॉलेजो को गोद लिया है। इन सभी विद्यालयों में रिक्त पदों पर अध्यापकों की नियुक्ति के साथ अन्य कमियों को पूरा कर शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाया जा रहा है।

उन्होंने उपस्थित सभी छात्र छात्राओं और उनके अभिभावकों से इस टैव का शिक्षा हेतु बेहतर उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि ऑन लाइन शिक्षण हेतु ईसा फाउन्डेशन में विभिन्न विषयों में शिक्षकों को नियुक्त कर दिया गया है।
टीम प्रभारी श्री डंडरियाल जी ने इस टैव का उपयोग करने की विस्तृत जानकारी छात्र छात्राओं को दी। फिलहाल इस टैव के जरिये ऑन लाइन माध्यम से बच्चों को विज्ञान, गणित और अंग्रेजी का अध्यापन कराया जायेगा। 
इस अवसर पर ईसा फाउण्डेशन से जुड़े पूर्व प्रधानाचार्य के० एस० सजवाण ने कहा कि इस टैव का शिक्षण हेतु बेहतर उपयोग करने पर बच्चे भविष्य में अपने सपनों को साकार कर सकेंगे। ईसा कम्प्यूटर शिक्षा एवं कोचिंग संस्थान पौड़ी के प्रभारी बिमल नेगी ने समारोह में सभी का अभिनन्दन करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डी०ए० वी० इन्टर कालेज के प्रधानाचार्य बालेश्वर प्रसाद ने की। इस मौके पर कल्जीखाल इन्टर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य श्री मनोज गुनियाल व बडी संख्या मे अभिभावक भी उपस्थित थे।



