गौं-गुठ्यार

भालू ने स्कूल में घुसकर छात्र को घायल किया

एक दिन पूर्व भी एक अन्य छात्र को भालू ने घायल कर दिया था।

पौड़ी। 22 दिसम्बर, 2025

चमोली जिले के पोखरी क्षेत्र के जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर में भालू कक्षा 7 के एक छात्र को कक्षा परिसर से घसीटकर ले गया और उसे घायल कर दिया। अन्य छात्र – छात्राओं व शिक्षकों के शोर मचाने पर भालू छात्र को झाड़ियों में छोड़कर भाग गया। क्षेत्र में भालू के हमलों से दहशत है। 

कक्षा 7 में पढ़ने वाले आरव को भालू ने कक्षा के निकट ही परिसर से उठाकर घसीटते हुए तकरीवन तीस मीटर से अधिक दूर झाड़ियों में ले गया। यह घटना अन्य बच्चों के सामने ही हुई इसलिये कुछ छात्र छात्राओं ने हिम्मत दिखाई व भालू के पीछे भागे। इस बीच शिक्षक भी बच्चों के पीछे शोर मचाते भागे। शोर सुनकर भालू ने आरव को छोड़ दिया और वहाँ से भाग गया।                               

छात्राओं ने बताया कि उन्हें विद्यालय के निकट दो भालू दिखायी दिये । बड़ा भालू स्कूल में घुसा था। छोटा दूर झाड़ियों के निकट दिखायी दे रहा था। इससे एक दिन पूर्व भी भालू ने एक अन्य छात्र को घायल कर दिया था।

 

बताया जा रहा है कि भालू ने कक्षा 7 का दरवाजा तोड़ने की भी कोशिश की। इसी दौरान उसने छात्र आरव को पकड़ लिया और बाहर ले जाने लगा।

स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई। हालात की गंभीरता को समझते हुए कुछ शिक्षकों और बड़े छात्रों ने हिम्मत दिखाई और शोर मचाते हुए भालू के पीछे दौड़ पड़े। उनकी तत्परता से भालू घबराया और बच्चे को झाड़ियों में छोड़कर भाग गया। आरव को झाड़ियों से सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसके शरीर पर भालू के नाखूनों के निशान हैं। आरव की कमीज पीछे से भालू के नाखूनों से फटी नजर आती है.                                             

आरव की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। भालू के हमलों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अभिभावकों ने प्रशासन से विद्यालय मे छात्र छात्राओं की सुरक्षा की मांग की है।

इधर, जिलाधिकारी चमोली ने जनपद में जंगली जानवरों के आतंक को देखते हुए समस्त विद्यालयों व आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन 10 बजे प्रातः से 1:00 बजे अपराह्न तक किये जाने के निर्देश दिये हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button