सांस्कृतिक कार्यक्रम से युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का प्रयास
दून विश्वविद्यालय में प्रदेश के रजत जयन्ती वर्ष में सांस्कृतिक कार्यक्रम

देहरादून । 30 अक्टूबर, 2025
दून विश्वविद्यालय में उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती के अवसर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र छात्राओं ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया । कार्यक्रम में गायन, लोक नृत्य एवं शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया.
उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती के उपलक्ष्य में दून विश्वविद्यालय में लोकगीत एवं लोकनृत्य तथा शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । 
कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करना और युवा पीढ़ी में लोक परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रतियोगिता में प्रस्तुत किए गए लोकनृत्य एवं लोकगीतों ने प्रदेश की विविध लोकधाराओं — गढ़वाली, कुमाऊँनी और जौनसारी संस्कृति — की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सुरेखा डंगवाल ने की। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड की लोक संस्कृति हमारी पहचान है, और ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।” 
कार्यक्रम के संयोजक प्रोफेसर राजेश कुमार ने प्रतियोगिता के आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की और प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की। सह–संयोजक डॉ. चेतना पोखरियाल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं।
विश्वविद्यालय के डी.एस.डब्ल्यू. प्रोफेसर एच.सी. पुरोहित ने कहा कि लोक कला हमारी सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत की धरोहर है।
कुलसचिव श्री दुर्गेश डिमरी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। 
कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक डॉ. अजीत पंवार, डॉ. कैलाश कंडवाल एवं डॉ. मानवेंद्र बर्तवाल सहित अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रस्तुत किए गए लोकगीतों और नृत्यों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता और सौंदर्य का सुंदर चित्र प्रस्तुत किया।



