उत्तराखंड

घरेलू गैस सिलेण्डर के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ छापेमारी

21 गैस सिलेंडरों पर 48300 रु० का चालान

घरेलू गैस सिलेण्डरों के व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन सख्त

अब तक जनपद में 140 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी

पौड़ी । दिनांक 29 नवम्बर, 2025

जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा जनपद में घरेलू गैस सिलेण्डरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ व्यापक छापामारी अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान 21 घरेलू गैसे सिलेण्डरों 48300 रु० का चालान किया गया तथा 2 सिलेण्डर जब्त किये गये ।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा जिले में उक्त सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका, नगर निगम व नगर पंचायत क्षेत्रों में गठित निरीक्षण टीमों द्वारा होटल, ढाबा व विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर जांच की जा रही है।   

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 140 प्रतिष्ठानों की छानबीन की गयी, जिनमें घरेलू गैस सिलेण्डरों के दुरुपयोग के मामले सामने आए। विभागीय कार्रवाई में 21 घरेलू गैस सिलेण्डरों पर 48 हजार 300 रुपये का चालान किया गया, साथ ही 2 सिलेण्डर ज़ब्त भी किए गए।

नगर पालिका पौड़ी क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार बड़ोला की टीम ने 31 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 9 सिलेण्डरों के दुरुपयोग पर 20 हजार 700 रुपये का जुर्माना लगाया। नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी करन सिंह क्षेत्री के नेतृत्व में 23 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गयी तथा 2 घरेलू गैस सिलेण्डरों पर 4 हजार 600 रुपये का चालान किया गया। वहीं, नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार की टीम ने 16 होटल/ढाबों की जांच की, जिसमें 8 में से 6 सिलेण्डरों पर 13 हजार 800 रुपये का चालान किया गया और 2 सिलेण्डर ज़ब्त कर लिए गए।

इसके अलावा नगर पंचायत सतपुली एवं अमोठा क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक राखी संतोषी के नेतृत्व में 17 प्रतिष्ठानों की जांच की गयी। घुड़दौड़ी व कोट क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक राकेश पंत की टीम ने 13 स्थानों पर निरीक्षण किया। पाबौ क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक हेमेन्द्र कुमार एवं विजय डोभाल की टीम द्वारा 14 प्रतिष्ठानों की जांच की गयी, जिसमें 4 घरेलू सिलेण्डरों पर 9 हजार 200 रुपये का चालान किया गया। वहीं ऋषिकेश लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक ज्योति नेगी एवं दिव्या मुखिया के दल ने 26 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्रवाई की।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस का व्यावसायिक प्रयोग नियमविरुद्ध है। उन्होंने बताया कि आगे भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे और उल्लंघनकारी प्रतिष्ठानों पर कठोर कार्यवाही की जाएगी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button