उत्तराखंड

प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक पर उनके कार्यालय में विधायक सर्मथकों का हमला

हमले में प्रा० शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल का कई चोटें आयी, माथे पर कई टांके लगे।

देहरादून। 21 फरवरी, 2026

एक अशासकीय विद्यालय का नाम बदलने की मांग को लेकर यहाँ एक विधायक के समर्थकों ने प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल को घायल कर दिया। उन्हें काफी चोटें आयी और इलाज में कई टांके लगे हैं।

ननूरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय में आज अशासकीय विद्यालयों से जुड़े एक मामले को लेकर रायपुर से भाजपा विधायक उमेश काऊ अपने समर्थकों के साथ प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक को मिलने पहुंचे । उनकी मौजूदगी में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल से बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और उनके उत्तेजित समर्थकों ने नौडियाल पर हमला कर दिया। 

इस घटना में निदेशक नौडियाल के सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिक्षा निदेशक के माथे पर कई टांके लगाए गए है।

शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल का आरोप है कि विद्यालय के नाम परिवर्तन के मुद्दे पर विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों ने उन पर दबाव डाला।

आज अशासकीय विद्यालय प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर विधायक के साथ शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। इसी दौरान अधिकारियों और प्रतिनिधियों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।  विधायक के साथ आये समर्थकों ने निदेशक के कमरे में घुसकर मारपीट की। कुर्सियां फेंकी गई। और गाली गलौज की गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने विरोध जताया। 

नौडियाल का कहना है कि उन्होंने विधायक को बताया कि इस मुद्दे पर शासन स्तर पर निर्णय होना है। यह निदेशालय के स्तर की बात नहीं है। लेकिन विधायक के समर्थक उत्तेजित हो गये और उन्होंने उन पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में इस घटना को लेकर रोष है।

शिक्षा विभाग के कर्मियों के साथ ही उनके संगठन से जुड़े नेताओं ने भाजपा विधायक उमेश काऊ समर्थकों के हमले की कड़ी निंदा की है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुटी है। कर्मचारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रकरण भाजपा विधायक व उसके समर्थकों से जुड़ा है इसलिये इस पर सरकार व शिक्षा मन्त्री क्या कार्रवाई करेंगे इसका फिलहाल इन्तजार ही है।

इधर, शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना की ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन ने कड़ी निंदा की है।

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष श्री हर्ष डी जोशी ने कहा कि किसी भी सरकारी अधिकारी के साथ उसके कार्यालय में इस प्रकार की घटना होना अत्यंत निंदनीय एवं अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को नियमों एवं विधिक प्रक्रियाओं के तहत ही अपने प्रकरणों का समाधान करना चाहिए।

उन्होंने शासन एवं प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

 

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button