देहरादून में 48 घण्टे में ही दूसरी हत्या से सनसनी
अपराध जगत से जुड़े 45 वर्षीय विक्रम शर्मा को जिम से बाहर निकलते ही हत्यारों ने मारी गोली
देहरादून। 13 फरवरी, 2026
देहरादून राजपुर रोड पर आज पुनः गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी और 45 वर्षीय एक स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा की हत्या कर दी गयी। बेहद नजदीक जाकर फायर झोंकने के बाद अज्ञात हमलावर फरार हो गये।
बताया गया है कि मृतक शर्मा राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के जिम में कसरत करने आया था। बताया गया है कि विक्रम शर्मा को अपनी जान के खतरे का आभास था और वह स्वयं हथियार लेकर चल रहा था लेकिन अपराधियों ने उसे संभलने का मौका ही नहीं दिया। जैसे ही वह 10:30 बजे प्रातः जिम से बाहर निकला तिब्बती मार्केट में परसों हुयी अर्जुन शर्मा की हत्या की तरह हत्यारों ने उसे भी गोलियाँ मार दी। सूत्रों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर तेजी से मुख्य सड़क की ओर भागे, जहां उनका तीसरा साथी बाइक लेकर तैयार खड़ा था। तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। विक्रम वहीं खून से लथपथ मॉल की सीढ़ियों पर गिर गया। बाद में सूचना पर पुलिस व एम्बुलेंस पहुंची लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मॉल परिसर को घेराबंदी में ले लिया। अंदर-बाहर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मॉल स्टाफ, जिम कर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात बेहद नजदीक से की गई है, जो पेशेवर अंदाज की ओर इशारा करती है।
मूल रूप से काशीपुर निवासी विक्रम शर्मा वर्तमान में देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रह रहे थे। बताया गया है कि विक्रम खुद एक अपराधी था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, विक्रम शर्मा पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें 30 से अधिक हत्या के मामले शामिल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में उनके तार झारखंड के एक गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
इससे पुलिस टारगेट किलिंग या सुनियोजित सुपारी एंगल से भी जांच कर रही है। हत्याकांड के बाद पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है आपसी रंजिश, गैंग कनेक्शन, सुपारी किलिंग और पुरानी दुश्मनी समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
दून में 48 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात से पूर शहर में सनसनी है।
गौरतलब है कि 48 घंटे पहले ही तिब्बती मार्केट में कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले पलटन बाजार में युवती की गला काटकर हत्या, विकासनगर में छात्रा की हत्या और ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने देहरादून की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



