विविध

भूकम्प से पहले चेतावनी के लिये भूदेव एप

भूदेव एप : जोखिम न्यूनीकरण की दिशा में बड़ा कदम

पौड़ी। 15 दिसंबर 2025

भू -वैज्ञानिकों ने पूरे हिमालयी क्षेत्र को भूकम्प की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया है। भूकम्प से बचाव के लिये यह जरूरी है कि हमें समय से इसकी पूर्व चेतावनी मिल जाय। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा विकसित ‘भूदेव एप’ एक ऐसा एप है जो भूकम्प से पूर्व चेतावनी देकर आपदा का न्यूनीकरण कर सकता है।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में जनपद में भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी बचाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गयी है। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा विकसित ‘भूदेव’ मोबाइल एप के व्यापक उपयोग पर ज़ोर दिया है। 

अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने बताया कि यह एप भूकंप आने से कुछ सेकंड पूर्व अलर्ट जारी करने में सक्षम है, जिससे लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर जान-माल की क्षति को न्यूनतम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पूर्व चेतावनी प्रणाली को सशक्त बनाना आपदा प्रबंधन की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

उन्होंने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में सभी विभागाध्यक्षों एवं कार्यदायी संस्थाओं को अपने-अपने कार्यालयों में एप इंस्टॉलेशन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही भूकंप से बचाव हेतु अधिक से अधिक ग्रामीणों को जागरुक करने के लिए समस्त खंड विकास अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है।

आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला ने बताया कि भूदेव एप में भूकंपीय गतिविधियों की दैनिक जानकारी, जियो-रेफरेंस्ड लोकेशन के साथ इंटरेक्टिव मैप तथा आपात स्थिति में एसओएस फीचर के माध्यम से लाइव लोकेशन साझा करने जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो आपदा के समय त्वरित सहायता पहुंचाने में सहायक होंगी।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्वयं भूदेव एप इंस्टॉल करें और अपने परिवार, पड़ोस व सहकर्मियों को भी इसके उपयोग के लिए प्रेरित करें, ताकि आपदा की स्थिति में अधिक से अधिक लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button