प्रशासन ने चवथ में शूटर तैनात कर गुलदार मारने के आदेश दिये
स्थानीय आंगनबाडी में 5 से 8 दिसम्बर व स्कूलों में दो दिनी अवकाश

विधायक राजकुमार पोरी भी पहुंचे घटनास्थत पर
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे
ग्रामीणों ने विधायक व प्रशासनिक अधिकारियों के सामने नारेबाजी कर आक्रोश जताया
वनकर्मियों को ग्रामीणों ने बंधक बनाया
जिलाधिकारी ने मृतक के परिवार जनों से की मुलाकात
पौड़ी : 04 दिसम्बर, 2025
आज प्रातः लगभग 06:30 बजे तहसील पौड़ी के ग्राम पंचायत चवथ के गजल्ड (गजेंद्रपुर) गांव में 45 वर्षीय राजेन्द्र नौटियाल के गुलदार के हमले मे मारे जाने के बाद विधायक व जिलाधिकारी के साथ प्रशासन की पूरी टीम घटनास्थल पर पहुँची ।इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए। उन्होंने कुंड-चवथ मोटर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। गांव पहुंचे वन कर्मियों और नागदेव रेंज के वन क्षेत्राधिकारी को कमरे में बंद कर दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन व विधायक के सामने नारेबाजी कर भारी आक्रोश व्यक्त किया । घटना स्थल पर सुुुुबह से दोपहर बाद तक हंगामा होता रहा । बाद में जिलाधिकारी स्वाति एस० भदौरिया और विधायक राजकुमार पोरी के समझाने बुझाने के बाद मामला शान्त हुआ ।
ग्रामीणों द्वारा गुलदार को तत्काल नरभक्षी घोषित कर उसे मारने के आदेश देने और मृतक परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की गयी । इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल कारवाई का भरोसा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की रैपिड रेस्पॉन्स टीम के 16 सदस्य पिंजरे एवं आवश्यक उपकरणों सहित तत्काल मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर बाद जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी तथा अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुँचे।

जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। जिलाधिकारी ने कहा कि सूचना मिलते ही घटना की गंभीरता देखते हुए चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन से तुरंत गुलदार के शूटिंग की अनुमति मांगी गयी। उन्होंने बताया कि दो घंटे में चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन द्वारा अनुमति प्रदान की गयी। जिसके तुरंत बाद आश्वासन के अनुरूप शूटरों को तैनात करने की त्वरित कार्रवाई की गयी। आक्रोशित ग्रामीणों को जिलाधिकारी ने समझाकर शांत किया और कहा कि पूरा सरकारी तंत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने यह भी बताया कि अपराह्न 3 बजे तक शूटर पहुंच गए थे। 
जिलाधिकारी ने संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी व वन विभाग के अधिकारियों को पशुपालन विभाग के माध्यम से पशुओं हेतु चारे की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि तात्कालिक सुरक्षा हेतु संकुल ढ़ाण्डरी (ग्रामीण क्षेत्र), संकुल बाड़ा तथा संकुल चरधार के कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त निजी/शासकीय/अशासकीय विद्यालयों/आंगनबाडियों में शुक्रवार 5 दिसंबर व शनिवार 6 दिसंबर के अवकाश के आदेश दे दिए गए हैं।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से देय 10 लाख रुपये की मुआवजा राशि उपलब्ध करायी जा रही है। परिवार के एक व्यक्ति को संविदा के आधार पर नौकरी का आश्वासन भी दिया गया।
बाघ की गतिविधि के बीच बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर पौड़ी और कोट विकासखंड के उन आंगनवाड़ी केंद्रों में 05 से 08 दिसंबर तक एहतियातन अवकाश घोषित किया गया है, जहां बाघ की चहलकदमी अधिक दर्ज की गयी है।
विकासखंड पौड़ी के ग्राम गजल्ड में बाघ के हमले और क्षेत्र में उसकी सक्रियता का संज्ञान लेते हुए बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र कौडला, कफलना, बाड़ा, सिरोली, पिसोली, डोभा तथा वजली में बच्चों की सुरक्षा हेतु जिला प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए उक्त केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी है। इसके अलावा विकासखंड कोट के देवार क्षेत्र में बच्चे पर हुए हमले के बाद देवार-1, देवार, उडडा, बुरांसी, देवल (चमना), काण्डा और नवन आंगनवाड़ी केंद्रों में भी समान अवधि के लिए अवकाश लागू किया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील और तत्पर है। प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से निगरानी बढ़ा रहा है तथा ग्रामीणों को वन्यजीवों से सुरक्षित रहने के लिए जागरुक भी किया जा रहा है।
मौके पर डीएफओ अभिमन्यु सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, एसडीओ फॉरेस्ट आयशा बिष्ट सहित पुलिस एवं वन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
◆◆◆◆◆



