पर्यावरण

विशेष स्वच्छता अभियान : अब तक 2100 किलोग्राम प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट एकत्रित

आंगनबाड़ी से कार्यालयों तक स्वच्छता और शपथ का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

पौड़ी। 02 फरवरी, 2026

जनपद में चलाये जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत अब तक लगभग 2100 किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट एकत्रित किया जा चुका है।

जनपद में सरकार के निर्देश पर 26 जनवरी से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है जो 26 फावरी तक जारी रहेगा। विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ 26 जनवरी को पौड़ी विकासखंड के वजली गाँव से जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मिल कर शुरू किया था।

इस अभियान के अन्तर्गत जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा प्रतिदिन स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि अभियान के तहत आंगनबाड़ी परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई के साथ-साथ ग्रामीणों, महिलाओं एवं अभिभावकों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करते हुए स्वच्छता की शपथ दिलायी जा रही है। वहीं जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सफाई अभियान संचालित कर स्वच्छता की शपथ ली जा रही है, जिससे स्वच्छ वातावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को बल मिल सके।                               

उल्लेखनीय है कि अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त विकासखंडों, नगर निकाय क्षेत्रों एवं ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन स्वच्छता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों, सड़कों के किनारे, बस अड्डों एवं आवासीय क्षेत्रों की सफाई की जा रही है। साथ ही अभियान के अंतर्गत गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण, कूड़ा संग्रहण, प्लास्टिक उपयोग में कमी तथा स्वच्छ पर्यावरण के महत्व को लेकर आम नागरिकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।

जिलाधिकारी स्वाति एस० भदौरिया ने कहा कि यह अभियान केवल एक माह की गतिविधि नहीं है, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर चलने वाला प्रयास है। उन्होंने बताया कि अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक विकासखंड में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है तथा कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 26 फरवरी के बाद भी स्वच्छता अभियान की यह पहल निरंतर जारी रहेगी, ताकि जनपद में स्वच्छता को स्थायी आदत के रूप में स्थापित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button