सड़क नहीं दे सकते तो हमें पौड़ी ब्लाक में शामिल करें
खिर्सू ब्लाक के कठूड़ से सिंगोरी तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग
कठूड़ गाँव
दिनांक : 8 सितम्बर, 2025
पौड़ी । ग्रामसभाओं कठूड, पोखरी, कोटी-कमेड़ा को ब्लाक मुख्यालय खिर्सू तक जोड़ने हेतु आज तक भी नजदीकी सड़क सम्पर्क मार्ग नहीं बन पाया है। इस क्षेत्र के लोगों की मांग है कि यदि सरकार सड़क नहीं दे सकती तो उन्हें खिर्सू ब्लाक से हटाकर पौड़ी ब्लाक में शामिल कर दिया जाय ।
आज भी इस क्षेत्र के ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों को खिर्सू ब्लाक मुख्यालय तक पहुंचने के लिए पौड़ी या खण्डाह-श्रीनगर होकर खिर्सू पहुंचना पड़ता है। क्षेत्र के ग्रामीणों को इस बात को लेकर बड़ा अफसोस है कि आजादी के 75 साल गुजरने के बाद भी आज तक इन ग्रामसभाओं से कठूली होते हुए खिर्सू तक सड़क मार्ग की मांग को किसी भी जनप्रतिनिधि ने पूरा नहीं किया है।
श्रीनगर विधान सभा में स्थित कठूड़ व अन्य गाँवों के लोगों को पौड़ी होते हुए खिर्सू पहुँचने में 40 किमी0 जबकि श्रीनगर होते हुए लगभग 50 किमी0 घूमकर जाना पड़ता है। वहीं कठूड़ से कठूली तक मोटर मार्ग बनने पर यही दूरी महज 15-16 किमी0 ही रह जाती है। इस क्षेत्र के ग्रामीण मोटर मार्ग की स्वीकृती हेतु लगातार प्रयासरत हैं लेकिन जनप्रतिनिधियों से लेकर शासन-प्रशासन और सरकार तक कहीं इनकी सुनवाई नहीं हो रही है।

कठूड ग्राम सभा प्रधान संजय थपलियाल, पोखरी ग्राम प्रधान राजवीर सिंह बिष्ट, कोटी ग्राम सभा प्रधान श्रीमती करिष्मा देवी एवं क्षेत्र समिति सदस्य कठूड़ पोखरी कोटी, श्रीमती राजेश्वरी देवी के साथ ही पूर्व दर्जाधारी मन्त्री राजेन्द्र भण्डारी, पूर्व प्रधान मेहरवान सिंह थपलियाल, जगमोहन सिंह रावत (कोटी ) आदि इस सम्पर्क मोटरमार्ग हेतु प्रयासरत हैं। उन्होंने प्रशासन व सरकार से मांग की है कि शीघ्र खिरसू ब्लाक मुख्यालय के सम्पर्क मार्ग की स्वीकृति दी जाय तथा इसका निर्माण कराया जाय । क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभानु सिंह बिष्ट ने इस सड़क का निर्माण पूरे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु अति आवश्यक बताया । उन्होंने विधायक / कै ० मन्त्री धन सिंह रावत से अपील की है कि वे अपने प्रयासों से इस सम्पर्क सड़क को यथाशीघ्र वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति दिलायें ।
कठूड़-सिंगोरी सड़क संघर्ष समिति के संयोजक केशर सिंह असवाल का कहना है कि उनके द्वारा सांसद अनिल बलूनी, कैबिनेट मन्त्री और इस क्षेत्र के विधायक धन सिंह रावत व नजदीकी गाँव सिंगोरी के पौड़ी क्षेत्र के विधायक राजकुमार पोरी को इस सड़क की स्वीकृति हेतु ज्ञापन दिया गया है लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि कठूली सिलणगांव से सिंगोरी ग्रामसभा तक सड़क की स्वीकृति अब प्रधानमन्त्री ग्राम सड़क योजना से हुई बतायी जा रही है। यहाँ से लगभग पांच-छः किमी0 सम्पर्क सड़क कठूड़ गाँव तक बनाई जानी है। उन्होेंने आरोप लगाया कि इस सड़क पर लगभग एक-डेढ किमी0 वन भूमि होने के कारण विभाग सड़क निर्माण की फाइल आगे बढ़ाने से कतरा रहे। 👇कठूली गाँव
उन्होंने मांग की है कि खिर्सू ब्लाक मुख्यालय तक क्षेत्रवासियों के सुगम आवागमन हेतु कठूड़ ग्रामसभा से कटूलस्यूं पट्टी के सिंगोरी ग्रामसभा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण को यथाशीघ्र वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जाय। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि जनप्रतिनिधि और सरकार उनकी इस मांग को पूरी नहीं कर सकती तो उन्हें खिर्सू ब्लाक से हटाकर पौड़ी ब्लाक में शामिल कर दिया जाय।



