जीपीएस की तरह अपना लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी में जुटें छात्र
मोटिवेशनल सत्र में जिला परिवीक्षा अधिकारी ने दिखायी ईसा संस्थान के छात्रों को सफलता की राह

पौड़ी। 29 जनवरी, 2026
यहाँ ईसा कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र – छात्राओं को अभिप्रेरित करते हुए जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार (PCS 2021 बैच) ने कहा कि विद्यार्थियों को जी०पी०एस० की तरह अपना लक्ष्य निर्धारित कर सफलता हासिल करनी चाहिए।
जिला परिवीक्षा अधिकारी श्री अरविन्द कुमार आज एम० आई ० सी० रोड स्थित ईसा कम्प्यूटर एवं कोचिंग संस्थान में संस्थान के आमन्त्रण पर विद्यार्थियों के मोटिवेशनल सेशन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रतियोगिता हेतु लक्ष्य निर्धारित करने पर जोर देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम ही सफलता का मूल मन्त्र है। उन्होंने समय के सदुपयोग पर जोर देते हुए कहा कि किसी दूसरे व्यक्ति को अपना कीमती समय बरबाद न करने दें और ‘ना’ बोलना सीखें। अपने हित के लिये अपने लिये स्वार्थी बनने में न हिचकिचाएं। सोशल मीडिया पर अपना कीमती वक्त जाया न करें। समाचार पत्रों को पढ़ना अपनी दैनिक आदत में सुमार करें। 
अपने अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि असफलता से कभी हार न माने और कोशिश करते रहें। उन्होंने स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि 42 परीक्षाओं के असफलता के बाद उन्होंने हार नहीं मानी और इसके बाद उन्हें सफलता मिली। उन्होंने बच्चों को बताया कि निरंतर प्रयास, सही मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए, जिससे विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मबल का संचार हुआ।
इस अवसर पर ईसा कोचिंग संस्थान के व्यवस्थापक बिमल नेगी ने जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार का स्वागत किया। उन्होंने छात्रों से उनके द्वारा दी गयी अभिप्रेरणा की आत्मासात करने को कहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया गया तथा संस्थान ने इस प्रेरणादायक सत्र के लिए मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। इस अवसर जिला परिवीक्षा कार्यालय के कर्मी अमन कुमार व संस्थान के शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित थे।



