प्रदेश के विकास हेतु सदैव तत्पर होकर कार्य करेंगी दीप्ति
दीप्ति ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामन्त्री पद का दायित्व ग्रहण किया

देहरादून । जनपद पौड़ी की वीरोंखाल ब्लाक की मैठाणाघाट क्षेत्र में भवांसा तल्ला की बेटी दीप्ति रावत भारद्वाज ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामन्त्री का कार्यभार ग्रहण करने के बाद संकल्प लिया कि वे प्रदेश के आर्थिक, समाजिक व सांस्कृतिक विकास हेतु सदैव तत्पर होकर कार्य करेंगी।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत मे उन्होंने उक्त संकल्प दोहराया । उन्होंने कहा कि वे इस दायित्व को सेवा का अवसर मानती हैं। उत्तराखंड के कर्मठ मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। मातृशक्ति की भागीदारी, युवाओं की ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की चिंता को केंद्र में रखकर वह संगठन और समाज के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।”

उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार है और इस परिवार की शक्ति ही देश और प्रदेश की शक्ति है। आने वाले समय में वह संगठन की रीति–नीति और नेतृत्व के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से और अधिक समृद्ध बनाने की दिशा में प्रयासरत रहेंगी।
इससे पूर्व उन्होंने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में वेदमंत्रों के बीच हवन–पूजन कर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन मंत्री अजय जी, प्रदेश उपाध्यक्षगण, प्रदेश महामंत्रीगण श्री कुंदन परिहार जी एवं तरुण बंसल जी एवं मोर्चा पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। नवनियुक्त महामंत्री को चुनरी और माल्यार्पण कर वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सम्मानित किया।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद दीप्ति रावत भारद्वाज प्रदेश कार्यालय से शहीद स्मारक पहुँचीं, जहाँ उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का उत्तराखंड ही उनके कार्य का ध्येय रहेगा।
दिनांक : 24 सितम्बर, 2025


