बाड़ा गाँव में गुलदार ने नेपाली मजदूर को बनाया अपना शिकार
गाँव के नजदीक लक्ष्मण बहादुर का अधखाया शव मिलने से दहशत
पौड़ी। 15 जनवरी, 2026
पौड़ी के नजदीकी इडवालस्यूँ पट्टी के बाडा गाँव में एक नेपाली मजदूर का गुलदार द्वारा अधकाया शव बरामद होने से पूरे इलाके में पुनः दहशत पसर गया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचने की जानकारी मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन नेपाली मजदूर पिछले कुछ दिनों से गाँव में मजदूरी कर रहे थे। इनमें एक नेपाली मजदूर लक्ष्मण बहादुर आज तड़के प्रातः गाँव के नजदीकी धारे में नहाने/ पानी भरने गया। यहाँ गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और उसे मार डाला।
इस क्षेत्र के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश बिष्ट ने बताया कि मृतक लक्ष्मण बहादुर को सबसे पहले गाँव के ही सुरेन्द्र बिष्ट ने देखा। वे भी गाँव के धारे में पानी लेने हेतु जा रहे थे। उन्हें रास्ते में खून पड़ा दिखायी दिया। इसे देखते हुए वे आगे गये तो उन्हें नजदीक ही लक्ष्मण बहादुर का अधखाया शव दिखायी दिया।

श्री बिष्ट ने बताया कि इस घटना से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय निवासियों सहित वन विभाग की टीम भी पहुँच चुकी है। लोग में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों की मांग है कि यथाशीघ्र इस आदमखोर गुलदार को पकड़ा जाय या मार दिया जाय। प्रशासन के अधिकारियों का घटनास्थल पर पहुंचने का सुबह से इंतजार है।



