सोशल मीडिया पर कुलपति की फर्जी आईडी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज
पुलिस ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी
पौड़ी। दिनांक 10 दिसम्बर, 2025
हेमवती नन्दन बहुगुणा गढवाल विश्व विद्यालय के कुलपति की फोटो लगाकर whatsapp नम्बर से फर्जी मैसेज भेजे जाने के खिलाफ विश्वविद्यालय ने श्रीनगर थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की है। विश्वविद्यालय ने सम्बन्धित अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० श्री प्रकाश सिंह की ओर से विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो० राजेश कुमार ढोड़ी ने थाने में तहरीर दी है। इस तहरीर में उन्होंने एक whatsapp न० दिया और कहा है कि इस न0 पर प्रो० श्री प्रकाश सिंह की फोटो लगाकर अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी मैसेज डालकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

एफ० आई० आर० में कहा गया है कि इस प्रकार की घटनाएं पहले भी सामने आयी हैं। इसलिये इस के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किये जाते की आवश्यकता है। कहा गया है कि यह संस्थान की विश्वसनीयता से जुड़ा गम्भीर मामला है इसलिये यथाशीघ्र इस पर एक्शन लिया जाता चाहिए ।
पुलिस ने इस मामले को साइबर सेल को जांच हेतु सौंपा है और कहा है कि जांच के बाद इस पर शीघ्र कार्रवाई की जायेगी ।



